बाड़मेर तेल क्षेत्र में 6.5 अरब बैरल तेल
नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान के बाड़मेर जिले में सबसे बड़े भू-भाग पर तेल शोधन क्षेत्र चला रही ऊर्जा कंपनी केयर्न इंडिया ने कहा है कि पूर्व में इस क्षेत्र की तेल क्षमता चार अरब बैरल आंकी गई थी जो कि संशोधित अनुमान में 6.5 अरब बैरल आंकी गई है।
केयर्न इंडिया के प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यकारी राहुल धीर कहते हैं, "हमने इस क्षेत्र की एक व्यापक आंतरिक समीक्षा की है। हमने अमेरिकी कंपनी डीगोल्यर और मैकनॉटन से भी स्वतंत्र अनुमान लगाने को कहा था। उनका अनुमान और हमारा अनुमान लगभग एक जैसा है।"
धीर ने कहा, "हम समझते हैं कि वहां 6.5 अरब बैरल तेल है।"
बाड़मेर क्षेत्र में केयर्न की 70 प्रतिशत हिस्सेदारी है, शेष 30 प्रतिशत हिस्सेदारी सरकार द्वारा संचालित ओएनजीसी की है। केयर्न इंडिया अब तक इस परियोजना पर करीब चार अरब डॉलर खर्च कर चुकी है। वर्ष 2011 तक वह इसमें दो अरब डॉलर का और निवेश करेगी।
कंपनी वर्तमान में 20,000 बैरल तेल का उत्पादन करती है और 2010 तक यह उत्पादन बढ़कर 125,000 बैरल होने की उम्मीद है।
बाड़मेर क्षेत्र के लिए स्वीकृत अधिकतम क्षमता 175,000 बैरल तेल प्रति दिन (बीओपीडी) है। इस क्षेत्र का आकार बढ़ने के साथ यह क्षमता 240,000 बीओपीडी तक बढ़ जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications