सरकार ने कहा चीनी और दाल की कीमतों में आई कमी
नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। देश के ज्यादातर हिस्सों में 17 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में चीनी और दाल की कीमतों में कमी आई है।
केंद्रीय उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया, "उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा निगरानी किए जाने वाले ज्यादातर केंद्रों में 17 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में चीनी और दाल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई हालांकि अन्य खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी बरकरार रही।"
मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली, शिमला, रायपुर और पटना में चीनी की कीमतों में गिरावट आई।
दिल्ली में तूर, उड़द, मसूर जैसी दालों, चीनी, सरसों का तेल, वनस्पति घी और प्याज की कीमतों में कमी आई जबकि चावल, गेहूं, आटा, चने की दाल, दूध, मूंगफली का तेल और नमक की कीमतों में तेजी बरकरार रही।
मंत्रालय के अनुसार, शिमला को छोड़कर सभी केंद्रों पर चने की दाल की कीमतों में तेजी बरकरार रही।
वहीं, तिरुवनंतपुरम को छोड़कर सभी केंद्रों पर आलू की कीमतों में तेजी बनी रही जबकि प्याज की कीमतों में दिल्ली, शिमला, मुंबई, पटना और तिरुवनंतपुरम समेत 10 केंद्रों पर गिरावट दर्ज की गई।
इसके अलावा गेहूं, खाद्य तेल और वनस्पति घी की कीमतों में ज्यादातर केंद्रों में तेजी बरकरार रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications