भारी विरोध के बीच मुलायम ने किया लोहिया की मूर्ति का अनावरण
मुलायम के नेतृत्व में मंगलवार को सैकड़ों सपा कार्यकर्ता लखनऊ के गोमतीनगर स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे और वहां लोहिया की मूर्ति पर फूल माला चढ़ाकर उसका अनावरण किया। इस दौरान सपा कार्यकर्तायों की पुलिस के साथ जमकर हाथापाई भी हुई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि माल्यार्पण के दौरान पुलिस ने सपा अध्यक्ष की सीढ़ी खींचने की कोशिश की। सीढ़ी अगर गिर जाती को उनके साथ-साथ यहां पर कई कार्यकर्ता घायल हो सकते थे।
मूर्ति के अनावरण के बाद मुलायम ने संवाददाताओं से कहा, "अगर मुख्यमंत्री मायावती या उनकी सरकार को कोई मंत्री इस मूर्ति का अनावरण करता तो हमें कोई आपत्ति नहीं होती। हमने इंतजार किया कि कोई अनावरण करेगा, लेकिन जब किसी ने नहीं किया तो हमने इसका अनावरण कर दिया।"
मुलायम ने इस दौरान आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मायावती के इशारे पर अनावरण न होने देने की पूरी कोशशि की। उन्होंने नौकरशाहों को गुलाम करार देते हुए धमकी दी कि नौकरशाह यह नहीं समझ रहे हैं कि देश की राजनीति बदलने वाली है।
काफी समय से इस विशाल प्रतिमा का अनावरण लटका हुआ था। मुलायम की मांग थी कि इसका अनावरण किया जाए। सरकार ने नहीं सुनी तो आज लोहिया जयंती के मौके पर वो खुद ही इस मूर्ति का अनावरण करने पहुंच गए।
मूर्ति का अनावरण रोकने के लिए वहां प्रशासन भी पहुंच गया। प्रशासन का ये कहना था कि मुलायम ने ऐसे किसी भी कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications