अमेरिका-पाक सामरिक वार्ता के केंद्र में कयानी
वाशिंगटन, 23 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका और पाकिस्तान के बीच बुधवार से आरंभ होने वाली सामरिक वार्ता से पहले अमेरिका ने दोनों देशों के सुरक्षा संबंधों को मजबूती देने की दिशा में पाकिस्तान की राजनीतिक व्यवस्था की अपेक्षा वहां के सैन्य शासकों को तरजीह देने पर अपना ध्यान केंद्रित कर दिया है।
अमेरिकी रक्षा सचिव रोबर्ट गेट्स ने सोमवार को पाकिस्तानी सैन्य प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कियानी से पेंटागन में मुलाकात की। दोनों ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में तालिबान के साथ चल रहे संघर्ष पर चर्चा की।
इस बैठक के बारे में आधिकारिक तौर पर और कुछ भी जानकारी नहीं दी गई। इस मुलाकात के दौरान संयुक्त सेना के अध्यक्ष एडमिरल माइक मुलेन और रक्षा उप सचिव मिशेल फ्लोर्नोय भी उपस्थित थे।
कयानी से मुलाकात के कुछ घंटों बाद ही हालांकि गेट्स ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ओबामा प्रशासन पाकिस्तान से दीर्घकालिक सुरक्षा समझौता और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने में पाकिस्तान की मदद करना चाहता है।
उन्होंने कहा, "हम पाकिस्तान के साथ दीर्घकालिक सुरक्षा समझौता चाहते हैं। हम इस बात पर जोर दे रहे हैं कि कैसे हमारे संबंधों को और मजबूती दी जाए तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे पाकिस्तान को हम कैसे अधिक से अधिक मदद पहुंचाए।"
गेट्स ने कहा, "मेरा ध्यान अब पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल, वहां के विदेश मंत्री और जनरल कियानी से इस हफ्ते होने वाली मुलाकात पर है।"
गेट्स और मुलेन तथा मध्य कमान के मुखिया जनरल डेविड पेट्रियस से कयानी की फ्लोरिडा के तांपा स्थित मैकडिल वायुसेना बेस में हुई यह मुलाकात पाकिस्तान और अमेरिका के सामरिक संबंधों को मजबूती देने वाला है।
अमेरिकी मध्य कमान की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि इस दौरान इन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने दोनों देशों के बीच आधुनिक सहयोग बढ़ाने, अफगानिस्तान में आंतकवादी हिंसा पर काबू पाने तथा अपने ही घर में आतंकवाद झेल रहे पाकिस्तान को अमेरिकी मदद के बारे में भी वार्ता की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications