कनाडा में तेज हुई बुर्के पर बहस
टोरंटो, 23 मार्च (आईएएनएस)। कनाडा में मुस्लिम महिलाओं के बुर्का पहनने पर छिड़ी बहस काफी जोर पकड़ चुकी है। ज्यादातर कनाडाई नागरिक बुर्के के खिलाफ हैं वहीं उदारवादी व मीडिया इस पर किसी भी प्रकार के प्रतिबंध के खिलाफ हैं।
इस उत्तरी अमेरिकी देश में लगभग 10 लाख मुस्लिम आबादी है जबकि यहां की कुल जनसंख्या 3.4 करोड़ है। माना जाता है कि अगले दो दशकों में कनाडा की मुस्लिम आबादी तिगुनी हो जाएगी।
वैसे कनाडा में मध्य-पूर्व एशियाई देशों से ताल्लुक रखने वालों को छोड़ ज्यादातर मुस्लिम महिलाएं हिजाब या नकाब नहीं पहनतीं। परंतु मांट्रियल, टोरंटो और वेंकूवर में पर्दे में ढंकी महिलाएं अक्सर देखने को मिल जाती हैं।
पिछले दिनों मिस्र मूल की एक महिला ने फ्रांसीसी भाषा की कक्षा सिर्फ इसलिए छोड़ दी थी कि उसे पर्दा करने से मना किया गया था। इसके बाद ही कनाडा में बुर्के पर विवाद आरंभ हो गया।
इस मसले पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सरकार ने पिछले सप्ताह आदेश दिया कि चिकित्सा कार्ड के लिए आवेदन करने वाली मुस्लिम महिलाओं को अपना चेहरा खुला रखना होगा ताकि उनकी पहचान हो सके। सरकार ने कहा कि वह बुर्का पहनी महिलाओं की ओर से चिकित्सा सेवा के लिए महिला कर्मचारियों की मांग भी नहीं मानेगी।
क्यूबेक प्रांत की सरकार भी सार्वजनिक क्षेत्र में बुर्के का इस्तेमाल बंद किए जाने का प्रयास कर रही है। यहां के ज्यादातर मुस्लिम नेताओं ने बुर्के पर पांबदी लगाने के प्रयासों का पुरजोर विरोध किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications