ओबामा के स्वास्थ्य विधेयक को 11 रिपब्लिकन शासित प्रांत देंगे चुनौती
वाशिंगटन, 23 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भले ही ऐतिहासिक स्वास्थ्य सुधार विधेयक को अपने दस्तखत से कानून की शक्ल देने की तैयारी में हैं लेकिन विपक्षी रिपब्लिकन पार्टी द्वारा शासित 11 प्रांत इसे कानूनी तौर पर चुनौती देने की योजना बना रहे हैं।
विधेयक को कांग्रेस की मंजूरी मिलने के बाद इसे ओबामा की बड़ी राजनीतिक जीत मानी जा रही है। हाऊस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में रविवार को इस विधेयक को 212 के मुकाबले 219 मतों से पारित किया गया था। इस विधेयक का विरोध करने वाले 212 सदस्यों में ओबामा की पार्टी के 34 सदस्य भी थे।
फ्लोरिडा के रिपब्लिकन एटॉर्नी जनरल बिल मैक्लम ने सोमवार को कहा कि ओबामा के हस्ताक्षर करने के बाद वह और नौ अन्य राज्य इसे संघीय अदालत में चुनौती देंगे। उन्होंने कहा कि उनके साथ अलबामा, नेब्रास्का, उत्तरी डाकोटा, पेंसिलवेनिया, दक्षिण कैरोलिना, दक्षिणी डाकोटा, टेक्सास, उटाह और वाशिंगटन के एटॉर्नी जनरल हैं।
दूसरी ओर वर्जीनिया के रिपब्लिकन एटॉर्नी जनरल ने ऐलान किया है कि उनका राज्य भी स्वास्थ्य सुधार विधेयक को कानूनी चुनौती देगा।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने कहा कि ओबामा प्रशासन को उम्मीद है कि वह हर कानूनी चुनौती में जीत हासिल करेगा। उन्होंने रिपब्लिकन को चुनौती दी कि वे नवंबर में होने वाले चुनाव में स्वास्थ्य सुधार विधेयक से होने वाले फायदों के खिलाफ प्रचार करके दिखाएं।
इस विधेयक को सामाजिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। इसके पारित होने के बाद प्रसन्न ओबामा ने रविवार को कहा था कि यह एक राजनीतिक दल की नहीं बल्कि सभी अमेरिकियों की जीत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications