मैं पीआर मुख्यमंत्री हूं : शीला दीक्षित
नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली की लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनीं शीला दीक्षित अब भी खुद को एक 'पीआर' (जन संपर्क) मुख्यमंत्री से ज्यादा नहीं मानती हैं। राष्ट्रीय राजधानी में उनका न तो पुलिस पर नियंत्रण है, न नागरिक निकायों पर और न तो भू प्राधिकरण पर ही।
दीक्षित ने यहां शनिवार को आयोजित एशिया कॉरपोरेट कांफ्रेंस में कहा, "मैं कहने के लिए तो मुख्यमंत्री हूं, लेकिन मैं समझती हूं कि मुख्यमंत्री की बनिस्बत एक पीआर मुख्यमंत्री ज्यादा हूं।"
दीक्षित ने यह स्पष्ट जवाब उस समय दिया, जब उनसे दिल्ली का नेतृत्व करने के दौरान उनके सामने आने वाली समस्याओं के बारे में पूछा गया।
दीक्षित ने कहा, "कई सारे प्राधिकारों का होना सबसे बड़ी समस्या है। केंद्र सरकार के दिल्ली में होने के अपने लाभ भी हैं और इसका बहुत बड़ा नुकसान भी है, क्योंकि सभी मंत्रालय दिल्ली में स्थान चाहते हैं।"
दीक्षित ने कहा, "मुझे भारत सरकार के एक मंत्रालय से दूसरे मंत्रालय का चक्कर काटना पड़ता है। मेरे पास जमीन नहीं है, मुझे इसके लिए कहना पड़ता है, उसे खरीदना पड़ता है। पुलिस भी मेरे पास नहीं है। जब भी लोग कहते हैं कि दिल्ली सुरक्षित नहीं है, तो वे मुझे दोषी ठहराते हैं। उन्हें यह नहीं पता होता कि पुलिस मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications