हमीरपुर में थाने में हुई प्रेमी युगल की शादी
हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के छिरका गांव में प्रेम संबंध के चलते राजबहादुर निषाद का बेटा राकेश व राम प्रकाश की बेटी गायत्री दो दिन पूर्व अचानक ही घर से गायब हो गए। बाद में रामप्रकाश ने थाने में बेटी को भगा ले जाने की तहरीर दर्ज कराई। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों को गांव के समीप ही बरामद किया और बाद में थाने लाकर दोनों की शादी कराने का फैसला किया।
शुरुआत में तो दोनों पक्षों के बीच काफी तनाव की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन समाजसेवी व पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवकुमार पांडेय की पहल के बाद थाने में ही दोनों पक्षों की पंचायत में शादी के लिए सहमति बनाई गई। फिर क्या था, थाना परिसर को ही मंडप की भांति सजाया गया और प्रेमी युगल की शादी संपन्न कराई गई। शादी के मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और ग्रामीण मौजूद थे।
थानाध्यक्ष एस.के. सिंह ने बताया, "युगल प्रेमी बालिग हैं और दोनों शादी के लिए राजी थे। युवती के माता-पिता इस शादी का विरोध कर रहे थे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें राजी किया जा सका। बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराकार यह रिश्ता स्वीकार कर लिया। मंडप को सजाने का सारा खर्च पुलिस ने उठाया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications