कुत्ते का भोजन खाने पर नौकरानी को सलाखों से दागा
कैलाशहर (त्रिपुरा), 20 मार्च (आईएएनएस)। एक होटल मालिक के परिवार ने 12 वर्षीय नौकरानी को उनके पालतू कुत्ते का भोजन खा लेने के अपराध में कथित तौर पर लोहे की गर्म सलाखों से बार-बार प्रताड़ित किया।
कैलाशहर जिला अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी की लड़ाई लड़ रही एक हाथरिक्शा चालक की बेटी प्रिया (काल्पनिक नाम) ने आईएएनएस से कहा, "मैं भूखी थी। उन्होंने मुझे दो दिन से खाने के लिए कुछ नहीं दिया था इसलिए मैंने पालतू कुत्ते के लिए रखी नमकीन खा ली थी।"
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से 150 किलोमीटर दूर स्थित कैलाशहर में इस सप्ताह की शुरुआत में यह घटना हुई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार हैं।
प्रिया ने कहा, "दादू (होटल मालिक) और थामा (मालिक की पत्नी) ने मेरे पूरे शरीर को लोहे की गर्म छड़ों से दागा। उन्होंने मुझे एक नुकीली छड़ से बेरहमी से मारा। मैंने कुत्ते के लिए रखी नमकीन खाई थी।"
राज्य महिला आयोग के एक तीन सदस्यीय दल ने शनिवार को बच्ची से पूछताछ की है। आयोग की ओर से उसके इलाज व शिक्षा सहित अन्य मदद की जिम्मेदारी ले ली गई है।
आयोग की अध्यक्ष ताप्ती चक्रवर्ती ने बच्ची को प्रताड़ित करने की इस घटना को भयानक बताया है।
चिकित्सकों का कहना है कि प्रताड़ना की शिकार प्रिया आगे चलकर कभी गर्भधारण न कर सकेगी।
होटल मालिक सुभाष घोष, उसकी पत्नी और दो बेटियों ने प्रिया को तब तक प्रताड़ित किया जब तक वह बेहोश नहीं हो गई।
उत्तरी त्रिपुरा जिला पुलिस प्रमुख दीपक कुमार ने आईएएनएस को बताया कि घोष का परिवार गायब है और उनके पड़ोसी राज्य असम में छुपे होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि उन्हें ढूंढ़ने के लिए असम पुलिस की मदद ली जा रही है।
प्रिया कुछ महीने पहले ही घोष के परिवार में काम करने आई थी। घोष ने उसके गरीब पिता नेपाल से उनकी बेटी को स्कूल भेजने का वादा किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications