शौचालयों के बाहर लगेगी दुनिया की सबसे लंबी कतार!
राजधानी में शौचालयों की कमी के मद्देनजर सोमवार को विश्व जल दिवस के मौके पर गैर सरकारी संगठन 'वाटर एड इंडिया' ने इस ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए लोगों से सार्वजनिक शौचालयों के बाहर लाइन लगाकर खड़े होने की अपील की है।
वाटर एड इंडिया की इंदिरा खुराना ने कहा, "भारत की 60 फीसदी आबादी मतलब 63.8 करोड़ लोग शौच के लिए खुले में जाते हैं। यह उनकी आदत नहीं है, बल्कि शौचालय की कमी की वजह से वह ऐसा करते हैं। शहरी क्षेत्रों में 18 और ग्रामीण क्षेत्रों में 69 फीसदी लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। दुनिया में 1.1 अरब लोग खुले में शौच करते हैं।"
उन्होंने बताया, "इससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इस मसले पर सरकार का ध्यान खींचने के लिए शौचालय के बाहर यह दुनिया की सबसे लंबी कतार होगी, जिसमें नागरिक समूह हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम को 'वर्ल्डस लांगेस्ट ट्ॉयलेट क्यू' नाम दिया गया है।"
यह अभियान दिल्ली के जंगपुरा, नजफगढ़ और बसंत कुंज इलाके में चलाया जाएगा।
दिल्ली के अलावा 10 अन्य राज्यों में भी शौचालयों के बाहर कतार लगाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications