सीएनजी का दाम 50 पैसे प्रति किलोग्राम बढ़ा
दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी बढ़ी हुई कीमतों में मिलेगी।
राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी का नया दाम प्रति किलोग्राम 21.70 रुपये होगा, नोएडा व ग्रेटर नोएडा में प्रति किलोग्राम 23.50 रुपये और गाजियाबाद में 25.50 रुपये लिए जाएंगे।
तेल विपणन कंपनियों द्वारा पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 2.71 रुपये और डीजल के दाम में 2.55 रुपये की वृद्धि किए जाने के बाद सीएनजी के मूल्य में बढ़ोतरी की गई है।
आईजीएल के प्रबंध निदेशक राजेश वेदव्यास कहते हैं, "हमें हमारे विभिन्न परिचालन व्ययों, मुख्य रूप से न्यूनतम मजदूरी और अन्य में वृद्धि होने की वजह से सीएनजी की कीमतों में मामूली वृद्धि करनी पड़ी है। ग्राहकों को अच्छी सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से हमारे अन्य खर्चो में वृद्धि हुई है।"
अकेले दिल्ली में ही 140,000 कारों सहित करीब 250,000 वाहनों में वैकल्पिक ईंधन के रूप में सीएनजी का इस्तेमाल होता है। राजधानी की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली, टैक्सियों और ऑटोरिक्शा में भी सीएनजी का इस्तेमाल होता है।
वेदव्यास ने कहा की सीएनजी की कीमतों में केवल दो प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि सीएनजी के वर्तमान मूल्य में भी इसके इस्तेमाल से पेट्रोल से चलने वाहनों की तुलना में इससे चलने वाले वाहनों में 67 प्रतिशत की बचत होगी जबकि डीजल से चलने वाले वाहनों में इसके इस्तेमाल से 39 प्रतिशत की बचत होगी।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड, गेल (इंडिया) लिमिटेड और दिल्ली सरकार का संयुक्त उद्यम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications