नई टोल कर संग्रह प्रणाली पर जुलाई तक फैसला संभव
सरकार एक ऐसी तकनीकी प्रणाली को लागू करने की योजना बना रही है जिसके तहत यात्री सभी टोल प्लाजा पर स्मार्ट कार्ड का प्रयोग कर सकते हैं। वर्तमान में चल रही प्रक्रिया के तहत यात्रियों को टोल क्रासिंग से गुजरने में काफी समय लगता है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री कमलनाथ ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, "हम ऐसी प्रणाली लागू करना चाहते हैं जो आधुनिक हो और उपयोगकर्ता आसानी से उस प्रणाली का प्रयोग कर सकें। हम एक ऐसी प्रणाली चाहते हैं जो देश भर में समान रूप से लागू हो। हम अलग-अलग राज्यों में अलग प्रणाली का प्रयोग नहीं कर सकते हैं।"
सरकार ने नई कर सग्रह प्रणाली के चुनाव के लिए यूनिक आईडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) के अध्यक्ष नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है।
कमलनाथ ने कहा, "हमने नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है जो देश के लिए सर्वोत्तम टोल संग्रह प्रणाली का चुनाव करेगी। तीन महीनों में यह समिति अपनी रिपोर्ट देगी और उसके बाद हम देश में नई सामान्य टोल संग्रहण प्रणाली के बारे में फैसला करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications