हेडली का प्रत्यर्पण नहीं, पूछताछ संभव : ब्लेक
अमेरिका के दक्षिण एशिया और मध्य अफ्रीका मामलों के सहायक विदेश मंत्री रॉबर्ट ओ. ब्लेक ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, "हेडली मामले में याचिका संबंधी समझौते के अनुसार किसी भी मामले में उसे भारत, पाकिस्तान और डेनमार्क को प्रत्यर्पित नहीं किया जा सकता, जिसे उसने अदालत में स्वीकार कर लिया है।"
भारत दौरे पर आए ब्लेक से पूछा गया कि क्या हेडली से पूछताछ के लिए भारतीय अधिकारियों को इजाजत दी जाएगी तो उन्होंने कहा, "मेरा उत्तर हां होगा।"
हेडली का ताल्लुक पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन 'लश्कर-ए-तैयबा' से है जो मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार है। मुंबई हमले में लगभग 167 लोग मारे गए थे।
ब्लेक ने कहा कि मुंबई हमले के अलावा भारत में अन्य कोई आरोप हेडली पर लगता है तो उसे भारत को प्रत्यर्पित करना संभव है। उन्होंने इस अटकल को खारिज कर दिया कि हेडली मसले पर अमेरिका भारत का सहयोग नहीं कर रहा है।
हेडली ने गुरुवार को शिकागो की एक अदालत में मुंबई हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप स्वीकार कर लिया था। उसने आतंकवाद से जुड़े सभी 12 आरोपों को कबूल किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications