कश्मीर से 35,000 सैनिक हटाए गए : उमर अब्दुल्ला
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार शाम विधानसभा में कहा, "बिना किसी प्रचार-प्रसार के हमने 35,000 सैनिकों को वापस बुलाया है और आंतरिक सुरक्षा में लगे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की संख्या में भी कटौती की गई।"
राज्य की प्रमुख विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और अलगाववादी संगठनों की हमेशा से मांग रही है कि कश्मीर में सैनिकों की संख्या में कटौती की जाए क्योंकि इनकी मौजूदगी से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है और मानवाधिकारों का हनन भी होता है।
सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस की भी राय रही है कि घाटी में सैनिकों की संख्या में कटौती करना आवश्यक है।
उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस कदम का विरोध कर रही है। भाजपा विधायक दल के नेता चमन लाल गुप्ता ने विधानसभा में कहा कि सैनिकों की संख्या में कटौती से राज्य में आतंकवाद को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा, "इससे आतंकवादी संगठनों को फिर से संगठित होने को बढ़ावा मिलेगा और राज्य के हालात बदतर हो जाएंगे।"
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने वादा किया है कि आने वाले दिनों में सैनिकों की संख्या में अभी और कटौती की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications