हेडली के बारे में सूचना साझा करता रहा है अमेरिका : कृष्णा
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका पाकिस्तान मूल के अमेरिकी आतंकी डेविड कोलमैन हेडली के बारे में सूचना साझा करता रहा है।
एक टेलीविजन साक्षात्कार के दौरान जब कृष्णा से पूछा गया कि क्या अमेरिका ने हेडली के बारे में सूचना उपलब्ध कराने में ईमानदारी दिखाई है, इस पर कृष्णा ने कहा, "मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं कि अमेरिका बगैर कहे सूचना उपलब्ध कराता रहा है।"
सीएनएन-आईबीएन के 'डेविल्स एडवोकेट' कार्यक्रम में करण थापर द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका हेडली के मुद्दे को लेकर पारदर्शी है, इस पर कृष्णा ने कहा कि अमेरिका आतंकवाद से लड़ने में कदम से कदम मिला कर साथ-साथ चल रहा है।
कृष्णा से जब यह पूछा गया कि क्या अमेरिका ने पिछले वर्ष हेडली द्वारा किए गए भारत दौरे के बारे में भारतीय अधिकारियों को सूचित किया था, इस पर उन्होंने कहा, "हेडली से संबंधित सभी वर्तमान मामलों को हमने अमेरिका के साथ उठाया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications