मैं मुंबई हमले की साजिश में शामिल था: हेडली (लीड-1)
शिकागो, 19 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तानी मूल के संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली ने गुरुवार को अमेरिका की एक अदालत में मुंबई हमले की साजिश में शामिल होने संबंधी आरोप को स्वीकार कर लिया। उसने माना कि उसे आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तान स्थित शिविर में प्रशिक्षण दिया गया था।
शिकागो स्थित संघीय अदालत में उसने आतंकवाद से जुड़े सभी 12 आरोपों को कबूल कर लिया। उसके खिलाफ ये आरोप बीते साल दिसम्बर माह में लगाए गए थे। अभियोजन पक्ष का कहना है कि वर्ष 2005 में लश्कर के तीन प्रमुख आतंकवादियों ने हेडली से भारत का दौरा कर वहां के प्रमुख ठिकानों की टोह लेने के लिए कहा था।
हेडली ने कबूल किया कि वह वर्ष 2002 से 2005 के बीच पाकिस्तान में लश्कर के प्रशिक्षण शिविर में पांच बार शामिल हुआ था जहां उसने आतंकवाद का प्रशिक्षण लिया था। भारत दौरे पर आने के लिए उसने वर्ष 2006 में अपना नाम दाऊद गिलानी से बदलकर डेविड कोलमैन हेडली कर लिया।
उसके पिता पाकिस्तानी और मां अमेरिकी थी। भारत में आतंकवादी हमलों की योजना बनाने के लिए वर्ष 2006 के बाद उसने पांच बार भारत का दौरा किया। हेडली ने पैगम्बर का विवादास्पद कार्टून बनाने वाले डेनमार्क के एक समाचार पत्र पर भी हमले योजना बनाने का आरोप स्वीकार किया। उसे और लश्कर के एक अन्य संदिग्ध आतंकवादी तहव्वुर राणा को बीते साल अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications