देश में बनेंगे चार एक्सप्रेस वे
लखनऊ,19 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने देश में चार एक्सप्रेस-वे के निर्माण की योजना बनाई है जिसमें से एक का निर्माण उत्तर प्रदेश में होगा जो मेरठ को देश की राजधानी से जोड़ेगा।
केंद्रीय भूतल परिवहन राज्यमंत्री आर.पी.एन सिंह ने शक्रवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया, " मेरठ-नई दिल्ली के अलावा अन्य तीन एक्सप्रेस-वे धनबाद-कोलकाता, बेंगलुरू-चेन्नई और वडोदरा-मुंबई के बीच बनाए जाएंगे। ये सभी एक्सप्रेस-वे 16 लेन के होंगे।"
सड़क निर्माण को इस वक्त जनता की पहली जरूरत बताते हुए सिंह ने कहा कि वर्ष 2012 तक देशभर में 12 हजार किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण कराना उनके मंत्रालय का लक्ष्य है।
सिंह ने बताया कि उनका मंत्रालय उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर सड़कों का निर्माण करवा रहा है। मुरादाबाद-डबरेली, गाजियाबाद-अलीगढ़, बरेली-सीतापुर और मुजफ्फरनगर -हरिद्वार राजमार्गो को चार लेन के बनाये जाने का काम तेजी से चल रहा है।
सिंह के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जल्द ही उत्तर प्रदेश की दो सड़कों , 450 किलोमीटर लंबे सीतापुर-कुशीनगर और 128 किलोमीटर लंबे कुशीनगर-आजमगढ़ सड़क मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने जा रहा है।
केंद्रीय भूतल परिवहन राज्यमंत्री ने बताया कि उनके मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के पांच शहरों के किनारे रिंग रोड विकसित करने की भी योजना बनाई है। ये पांच शहर कानपुर, अलीगढ़, मेरठ, लखनऊ और वाराणसी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications