सपा विधायक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
महाराजगंज के पुलिस अधीक्षक राम स्वरूप ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, "सपा विधायक के लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़, बस्ती में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई है लेकिन विधायक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हमारी टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही विधायक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
स्वरूप ने कहा कि हमारी एक पुलिस टीम लखनऊ में उनके सरकारी आवास और अन्य संभावित स्थानों पर नजर रखे हुए हैं। इसके अलावा विधायक के नेपाल भागने की आशंका के चलते जिले की नेपाल सीमा पर भी पुलिस की टीमें तैनात कर दी गई हैं।
महाराजगंज की सदर विधानसभा सीट से सपा विधायक श्रीपति आजाद पर आरोप है कि उन्होंने मंगलवार रात अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव रामपुर बुजुर्ग में एक विधवा को उसके ही घर में मिट्टी का तेल छिड़ककर मारने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसी विधवा को फिलहाल गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जिले के कोतवाली (शहर) प्रभारी सुरेश चौहान ने बताया कि महिला अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके पुत्र की शिकायत पर विधायक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक विधायक का विधवा सावित्री देवी के साथ जमीन को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications