जुलाई तक अपना आईपीओ ला सकती है कोल इंडिया
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। भारत की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की इस साल जुलाई तक पूंजी बाजार में उतरने की योजना है।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित 20वें एशियाई कॉरपोरेट सम्मेलन के दौरान कंपनी के अध्यक्ष पार्थ एस. भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार कोल इंडिया से 10 फीसदी हिस्सेदारी घटाएगी। इसके लिए 63.1 करोड़ शेयरों को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के तहत बाजार में लाया जाएगा।
मौजूदा समय में सरकार के पास कंपनी की 100 फीसदी हिस्सेदारी है।
कोल इंडिया 6.3 करोड़ शेयर अपने कर्मचारियों के लिए सुरक्षित रखेगी।
भट्टाचार्य ने कहा, "अपनी सालाना आम बैठक के बाद हम आईपीओ लाने संबंधी प्रस्ताव को मध्य जून तक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष रखेंगे।"
उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष (2009-10) के दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ करीब 1.7 अरब डॉलर रहा।
भट्टाचार्य के अनुसार, अगले 10 सालों के दौरान कंपनी 70 करोड़ टन कोयले का उत्पादन करने लगेगी जबकि मौजूदा समय में कोल इंडिया का उत्पादन 43 करोड़ टन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications