वेनेजुएला में 2.18 अरब डॉलर के निवेश को कैबिनेट की मंजूरी
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वेनेजुएला के कारबोडो तेल क्षेत्र में 2.18 अरब डॉलर के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह निवेश सार्वजनिक क्षेत्र की तीन कंपनियों ओएजीसी विदेश लिमिटेड, इंडियन ऑयल कार्पोरेशन और ऑयल इंडिया लिमिटेड के माध्यम से किया जाएगा।
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की शुक्रवार को हुई एक बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा, "परियोजना में तीनों कंपनियों की मिलाकर 18 फीसदी हिस्सेदारी है और इन्हें स्पेन की रेपसोल वाईपीएफ एसए (आरईपी) और मलेशिया की पेट्रोलियम नेशनल बर्हद (पेट्रोनास) के साथ तेल क्षेत्र में व्यापार का मौका मिला है।"
तेल क्षेत्र की बाकी हिस्सेदारी वेनेजुएला की सरकारी कंपनी पेट्रोलियस डे वेनेजुएला एसए ने अपने पास रखी है।
ओएनजीसी विदेश लिमिटेड, तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) की विदेश निवेश की शाखा है।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक के दौरान नई उत्खनन लाइसेंस नीति (एनईएलपी) के तहत तेल एवं गैस उत्खनन के लिए 33 क्षेत्रों को मंजूरी प्रदान की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications