गोवा में 5 मंत्रियों ने दी सरकार गिराने की धमकी
राज्य सरकार में शामिल पांच मंत्रियों सहित सात नेताओं का एक समूह अपनी कुछ मांगों को लेकर अड़ा हुआ है। इन लोगों ने मुख्यमंत्री दिगंबर कामत से कहा है कि उनकी मांगें न मानने पर मौजूदा बजट सत्र में वित्त विधेयक का पारित होना मुश्किल है।
मुख्यमंत्री पर दबाव बना रहे इस समूह में राजस्व मंत्री जोस फिलिप डिसूजा, पर्यटन मंत्री मिकी पचेको, नीलकंठ हलरंकर (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) परिवहन मंत्री सुदीन ढावलीकर और उनके भाई विधायक दीपक (एमजीपी) स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे (निर्दलीय) और शिक्षा मंत्री एतांसियो (बाबुश) मोंसेरेट हैं।
इस समूह के प्रवक्ता और परिवहन मंत्री सुदीन ढावलीकर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "दो दिन पहले राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार ने मुख्यमंत्री तक हमारी मांगें पहुंचाईं थी और उन्हें दो दिन में हमसे बातचीत करने के लिए कहा था। दो दिन बीत गए और मुख्यमंत्री की ओर से कोई उत्तर नहीं आया।"
ढावलीकर ने अपनी मांगों का उल्लेख करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा, "हमने विरोध जताते हुए मंत्रिमंडल की बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया। अगर मुख्यमंत्री हमसे बात नहीं करते हैं तो उन्हें विधानसभा में वित्त विधेयक को पारित कराने के लिए हमारे समर्थन की उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications