मधुमक्खियों के झुंड से हो सकता था बड़ा हादसा : जांच रिपोर्ट
जांच रिपोर्ट में राजीव कृष्णा ने कहा है कि रैली के दौरान करीब 1.50 लाख मधुमक्खियां रैली स्थल पर मौजूद थीं, इससे बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। रिपोर्ट के मुताबिक मधुमक्खियों के झुंड से मुख्यमंत्री मायावती सहित अन्य विशिष्ट लोगों को खतरा भी हो सकता था।
जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि रैली के वक्त पास के भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में मधुमक्खियों के विशाल छत्ते में किसी ने आग लगा दी थी। लेकिन अभी तक आग लगाने वाले की पहचान नहीं हो पाई है।
कृष्णा ने गुरुवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि इस मामले में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ आशियाना थाने में मामला दर्ज कर जांच थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर को सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि जांच इन पहलुओं पर की जाएगी कि आग को वहां किसने लगाया और उस आग को लगाने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था।
कृष्णा ने कहा कि यह बहुत गंभीर घटना थी अगर मधुमक्खियां रैली में लोगों को काट लेतीं तो वहां पर भगदड़ मच सकती थी।
गत 15 मार्च को लखनऊ में हुई बसपा की रैली के दौरान बड़ी संख्या में मधुमक्खियों का एक झुंड रैली स्थल पर पहुंच गया था। राज्य सरकार द्वारा अचानक मधुमक्खियों का झुंड पहुंचने के मामले की जांच के आदेश दिए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications