अदालत से भागी दोषी बैंककर्मी ने लगाई फांसी
एचएसबीसी बैंक में बतौर क्लर्क कार्यरत 31 वर्षीय बिंदी धनजी मंगलवार को साउथवार्क क्राउन अदालत से भाग गई थी। उसे दो बुजुर्ग महिलाओं के 120,000 पाउंड चुराने के अपराध में सजा सुनाई जाना थी।
बुधवार की सुबह उस महिला और एक पुरुष को उत्तरी लंदन के व्यस्ततम नॉर्थ सर्कुलर रोड पर फांसी पर लटके देखा गया। इस पुरुष को उसका पति माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इन मौतों को संदिग्ध नहीं माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा आत्महत्या के प्रयास किए जाने से इंकार नहीं किया जा सकता है। उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
धनजी का दावा था कि उसे एक व्यक्ति को देने के लिए पैसे की आवश्यकता थी। वह व्यक्ति उसके साथ हिंसा पर उतारू होकर उसे धमका रहा था। यद्यपि उसने यह नहीं बताया कि वह व्यक्ति कौन था।
उसने स्वीकार किया था पश्चिमी लंदन की एचएसबीसी की शाखाओं में चार साल तक काम करने के दौरान उसने दो बुजुर्ग महिलाओं के खाते से 60-60 हजार पाउंड की चोरी की थी। इसके बाद उसे छह साल की सजा हो सकती थी।
धनजी के वकील ने उसके गायब होने के बाद अदालत को बताया कि स्पष्ट तौर पर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह अपने को मिलने वाली सजा से डरी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications