बरेली में कर्फ्यू में 11 घंटे की ढील

बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजीव सबरवाल ने बुधवार को बताया कि शहर में शांतिपूर्ण हालात होते देखकर कर्फ्यू की ढील बढ़ाकर 11 घंटे करने के फैसला किया गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कर्फ्यू में सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक आठ घंटे की ढील दी गई थी। आज इसे बढ़ाकर शाम पांच बजे तक कर दिया गया है।
पढ़ें- उत्तर प्रदेश की अन्य खबरें
पुलिस एंव जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक सांप्रदायिक हिंसा के बाद बंद पड़े स्कूल और कालेज आगामी 22 मार्च से खुल जाएंगे। सबरवाल ने कहा कि बंद स्कूलों को खुलवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता रही है। सभी स्कूलों के प्राचार्यो के साथ बैठक के बाद आगामी 22 मार्च से स्कूलों को खोलने का फैसला लिया गया है। कर्फ्यू को पूरी तरह से हटाने के सवाल पर सबरवाल ने कहा, "हम हर घंटे हालात की समीक्षा कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि जल्द ही कर्फ्यू हटाने के बारे में फैसला किया जाएगा।"
पुलिस के मुताबिक पिछले चार दिनों से शहर के किसी भी तरह की ताजा हिंसा की खबर नहीं है। सबरवाल ने कहा कि हालात तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह काबू में है। कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं। बरेली शहर में सांप्रदायिक हिंसा की शुरुआत गत दो मार्च को जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान दो समुदायों के बीच टकराव के बाद हुई थी, जिसके बाद लगातार तनाव बना हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications