शोध एवं विकास इकाई स्थापित करे सीआईएसएफ : चिदंबरम
गाजियाबाद, 10 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) एक शोध एवं विकास इकाई स्थापित करे, जिसमें इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों के उच्च योग्यता प्राप्त लोगों की नियुक्ति की जाए।
बल के 41वें स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने कहा, "सीआईएसएफ अन्य अर्धसैनिक बलों की तरह नहीं है, इसके पास महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित संस्थानों की सुरक्षा का जिम्मा है। इस काम के लिए विकसित तकनीक की मदद लेने की जरूरत है। इसलिए मेरा सुझाव है कि बल एक शोध एवं विकास इकाई स्थापित करे जिसमें इंजीनियरिंग और विज्ञान विषयों के योग्य युवाओं की निुयक्ति की जाए। इससे सीआईएसएफ नई सुरक्षा तकनीक से लैस हो सकेगा।"
उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ पर परमाणु ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों की सुरक्षा का जिम्मा है इसलिए ऐसी इकाई के गठन की जरूरत और भी बढ़ जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications