भारत व अफ्रीका ने कार्ययोजना लांच की (लीड-1)
नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। भारत और अफ्रीका ने अपने पहले शिखर बैठक के दो वर्षों बाद बुधवार को एक कार्ययोजना लांच की जिसमें कृषि में सहयोग तथा नई दिल्ली द्वारा विदेश व्यापार से लेकर शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में नए प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना शामिल है।
यह योजना एक औपचारिक समारोह में लांच की गई, जिसमें अफ्रीकी युनियन कमीशन के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और भारतीय विदेश मंत्रालय व औद्योगिक संस्थाओं के 42 सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया।
यह कार्ययोजना अप्रैल 2008 में नई दिल्ली में आयोजित हुए भारत-अफ्रीका फोरम शिखर बैठक में लिए गए निर्णयों को लागू करेगी। इस कार्ययोजना में अगले चार वर्षो के लिए द्विपक्षीय आदान-प्रदान को बढ़ाने के लिए एक विस्तृत रणनीति का खाका खींचा गया है। इसमें अगले वर्ष होने वाले द्विपक्षीय शिखर बैठक का भी एक खाका खींचा गया है।
यह कार्ययोजना भारत और अफ्रीका के बीच विकास केंद्रित साझेदारी पर केंद्रित है। इसमें भारत द्वारा हीरा तराशी, सूचना प्रौद्योगिकी, व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना और अखिल अफ्रीकी स्टॉक एक्सचेंज की स्थापना शामिल है।
विदेश मंत्रालय में सचिव विवेक काटजू ने कहा कि यह कार्ययोजना अफ्रीका के साथ आदान-प्रदान को अधिक जोश और गति प्रदान करेगा।
53 सदस्यीय अफ्रीकी संघ में कैमरून के स्थायी प्रतिनिधि और इसकी बहुपक्षीय मामलों की उप समिति के अध्यक्ष जैक्यूज-अल्फ्रेड नौम्बे-एबौले ने कहा, "यह ठोस विकास परियोजनाओं पर आधारित एक साझेदारी है। अफ्रीका इस साझेदारी का स्वागत करता है और अपनी भूमिका निभाने को तैयार है।"
अफ्रीकी संघ आयोग में चीफ ऑफ स्टाफ जॉन कायोदे शिंकैये ने कहा, "यह टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के लिए साझेदारी का एक खाका है। हमें उम्मीद है कि यह कार्ययोजना अफ्रीकी उत्पादों के लिए बेहतर बाजार तैयार करेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications