चीन के उत्पादों की डंपिंग के 15 मामलों की जांच (लीड-1)
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को राज्यसभा में कहा, "15 में से नौ मामलों की जांच के शुरुआती निष्कर्षो के आधार पर कुछ अस्थायी शुल्क लगाने की सिफारिश की गई है।"
उन्होंने कहा, "सरकार ने वाहनों के लिए रेडियल टायरों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। केवल अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खिलौनों के आयात की अनुमति दी गई है। साथ ही बिना इंटरनेशनल मोबाइल इक्युपमेंट आइडेंटिटी (आईएमईआई) वाले मोबाइल फोन के आयात पर प्रतिबंध है।"
भारत सरकार ने पिछले साल जून में ऐसे सभी खिलौनों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिए थे जो अंतर्राष्ट्रीय मानकों को पूरा नहीं करते। यह प्रतिबंध दरअसल चीनी खिलौनों को लेकर था।
उन्होंने कहा, "यदि कोई उत्पाद सामान्य कीमतों से कम पर आयात होता है तो इससे घरेलू उद्योगों को नुकसान उठाना पड़ता है ऐसे में डंपिंग रोधी शुल्क लगाने के लिए डायरेक्टर जनरल ऑफ एंटी-डंपिंग एंड एलाइड ड्यूटी (डीजीएडी) के पास जाया जा सकता है।"
सिंधिया ने कहा कि दूसरे देशों से डंपिंग के मामलों को देखते हुए घरेलू उद्योगों को नुकसान से बचाने के लिए सरकार के पास पर्याप्त उपाय हैं।
मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल से सितंबर तक चीन से भारत में 14.4 अरब डॉलर का आयात हुआ जबकि वित्त वर्ष 2008-09 में 29.9 अरब डॉलर का आयात हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications