असम में डेनमार्क निवासी मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार
गुवाहाटी, 10 मार्च (आईएएनएस)। असम के जोरहाट शहर में बुधवार को मादक पदार्थो की तस्करी करने के आरोप में डेनमार्क के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुवाहाटी से 310 किलोमीटर दूर उत्तर में स्थित जोरहाट शहर में स्थानीय निवासियों ने जानकारी अधिकारियों को दी कि एक विदेशी व्यक्ति मादक पदार्थ बेच रहा है। उसके बाद डेनमार्क निवासी मॉर्टिन को गिफ्तार किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "स्थानीय निवासियों की सूचना के आधार पर हमने एक घर पर छापा मारा और डेनमार्क के एक निवासी को मादक पदार्थो के साथ पकड़ा। हमें उसकी जेब से मादक पदार्थो के कई पैकेट भी मिले।"
अधिकारी ने बताया, "मॉर्टिन ने इसमें शामिल होने से इंकार किया है लेकिन हमें यकीन है कि उसके साथ दो से अधिक स्थानीय लड़के इस काम में शामिल हैं।"
अधिकारियों ने नई दिल्ली स्थित डेनमार्क दूतावास को इस बारे में जानकारी दे दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications