बिहार में 4 वर्षो में नक्सली हमले में 160 लोग मारे गए
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बुधवार को बताया कि वर्ष 2001 से 2004 के बीच नक्सलियों के हमले में जहां 668 लोगों की मौत हुई थी, वहीं वर्ष 2006 से 2009 के बीच 160 लोग नक्सली हमले के भेंट चढ़ गए।
राज्य पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2009 में नक्सली हमले में 29 आम लोग तथा 25 पुलिसकर्मी नक्सली हमले के शिकार हुए वहीं वर्ष 2008 में 43 लोग और 21 पुलिसकर्मी नक्सली हमले में मारे गए। इसी तरह वर्ष 2007 में 39 आम लोग तथा 23 पुलिसकर्मी और वर्ष 2006 में 49 आम लोग और आठ पुलिसकर्मी नक्सली हमले के शिकार हुए।
नीलमणि का कहना है कि पिछले चार वर्षो के दौरान 1,881 नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि उनके पास से 560 हथियार बरामद किये गए। उन्होंने बताया कि इसी तरह पुलिस ने नक्सलियों से 62,841 किलोग्राम विस्फोटक बरामद करने में सफलता पाई। उन्होंने कहा कि इस दौरान राज्य के विभिन्न थाना क्षेत्रों से नक्सलियों से 98,872 डेटोनेटर भी बरामद किए गए।
उल्लेखनीय है कि सरकार भी राज्य के 40 जिलों (दो पुलिस जिला सहित) में से 33 जिलों को नक्सल प्रभावित क्षेत्र मानती है। इनमें 20 जिलों को अत्यधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्र तथा पांच जिलों को मध्यम प्रभावित क्षेत्र और आठ जिलों को अल्प नक्सल प्रभावित क्षेत्र मानती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications