विधानसभा पहुंची आंध्र प्रदेश के छात्र की शवयात्रा
उस्मानिया विश्वविद्यालय के बी. टेक द्वितीय वर्ष के छात्र रहे साई कुमार का शव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार रात गन पार्क ले जाया गया। यहां तेलंगाना आंदोलन से जुड़े समर्थकों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
बाद में साई कुमार का शव नलगोंडा जिले में स्थित उसके पैतृक गांव कोडाड ले जाया गया। वहां बुधवार को उनका अंतिम संस्कार होगा।
पृथक तेलंगाना राज्य के गठन में हो रही देरी के विरोध में छात्र ने मंगलवार को अपने होस्टल के कमरे में फांसी लगा ली थी। आत्महत्या से पहले लिखे गए संदेश में उसने इच्छा जताई थी कि उसकी शवयात्रा विधानसभा पहुंचे।
इस आत्महत्या के बाद उस्मानिया विश्वविद्यालय में एक बार फिर तनाव की स्थिति थी। गौरतलब है कि यह विश्वविद्यालय तेलंगाना आंदोलन का मुख्य केंद्र बना हुआ है। गांधी अस्पताल में पुलिस और छात्रों के बीच उस समय झड़प हो गई थी, जब पुलिस ने शव को विधानसभा ले जाने की इजाजत नहीं दी। पुलिस द्वारा लाठियां चलाने पर कुछ छात्र घायल भी हो गए थे।
छात्रों की संयुक्त कार्रवाई समिति द्वारा दायर की गई एक याचिका के आधार पर मंगलवार शाम ही राज्य मानवाधिकार आयोग ने पुलिस को रात 11 बजे छात्र की शवयात्रा गन पार्क ले जाने की इजाजत देने का निर्देश दिया था। बाद में शव को तेलंगाना शहीद स्मारक ले जाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications