मप्र में विधायकों से अभद्र व्यवहार का मामला विधानसभा में गूंजा
भिण्ड जिले के लहार से विधायक गोंविंद सिंह के साथ नगर निरीक्षक इंद्रजीत सिंह चौहान द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार का मामला बुधवार को ध्यानाकर्षण के जरिए विधानसभा में गूंजा। कांग्रेस के रामनिवास रावत ने इस मामले को उठाया। रावत का आरोप था कि तमाम शिकायतों के बाद भी सरकार एक नगर निरीक्षक को बचाने में लगी है। इस मामले पर कांग्रेस के उपनेता चौधरी राकेश सिंह और विधायक आरिफ अकील कहा कि जब विधायकों के साथ ऐसा बर्ताव हो रहा है, तो आम जनता के साथ क्या होता होगा इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। विधायक गोंविंद सिंह ने भी खुद अपनी व्यथा सुनाई ।
इस बहस के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी ने हस्तक्षेप करते हुए गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता से विधायकों के सम्मान का हवाला देते हुए जबाव मांगा। गुप्ता ने सदन में नगर निरीक्षक को लाइन हाजिर करने के साथ ही वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराने के आदेश दिए।
कांग्रेस विधायक पांची लाल मेड़ा से नर्मदा नदी पर बने खलघाट टोलटैक्स बेरियर पर हुई अभद्रता का मामला कल्पना पारूलकर ने उठाया, जिस पर गृहमंत्री ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है और विधायक का बयान लेकर अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications