यूरोपीय जैज कलाकार को मिली भारतीय संगीत से प्रेरणा
रावा 25 वर्ष पहले 'एनरिको रावा न्यू क्विनटेट' के साथ भारत यात्रा पर आए थे। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "मैं परवीन सुल्ताना और बिस्मिल्लाह खान को पसंद करता हूं। जब मैंने 25 साल पहले मुंबई में यात्रा जैज उत्सव में भाग लिया था तब मैं शहनाई वादक बिस्मिल्लाह खान के जन्मदिन संगीत समारोहों में शामिल हुआ था।
वह अविस्मरणीय था। मैं डागर बंधुओं और रवि शंकर को भी पसंद करता हूं। शायद भारतीय संगीत मुझे सीधे प्रभावित नहीं करता लेकिन वह मेरे अवचेतन मन में पहुंचता है।"
सत्तर वर्षीय इतालवी तुरही (ट्रम्पेट) वादक ने मंगलवार को राजधानी के तीन मूर्ति सभागार में प्रस्तुति दी थी।
उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय संगीत से मिलने वाली प्रेरणा दार्शनिक प्रोउस्ट से मिलने वाली प्ररेणा जैसी ही है। वह अक्सर प्रोउस्ट की किताबें पढ़ते हैं और छह महीने बाद देखते हैं कि उन किताबों की कोई बात उनके संगीत में उभर रही है। वह अपने एलबम 'न्यूयार्क डेज' के लिए मशहूर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications