उड़ीसा और झारखण्ड में 3 नक्सली गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले से दो नक्सली गिरफ्तार किए गए जबकि एक नक्सली को झारखण्ड के बोकारो जिले से गिरफ्तार किया गया।
सुंदरगढ़ के रॉक्सी इलाके से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और उड़ीसा पुलिस के एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सलीम बारला और जुबलीन मुंडा को गिरफ्तार किया गया।
बनाई के उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन सेठी ने बताया, "एक संयुक्त तलाशी अभियान में उन्हें मंगलवार को गिफ्तार किया गया।"
उन्होंने बताया कि नक्सलियों के पास से बारूदी सुरंग भी बरामद की गईं।
पुलिस के मुताबिक दोनों नक्सलियों ने सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीआईटीयू) के नेता थॉमस मुंडा की हत्या कर दी थी।
झारखण्ड में बोकारो के जंगली इलाके से प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उप क्षेत्रीय कमांडर पंदू मांझी को गिरफ्तार किया गया।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक साकेत कुमार सिंह ने आईएएनएस को बताया, "हमने खुफिया जानकरी के आधार पर पंदू को गिरफ्तार किया , जो कई मामलों में वांछित है। हमने उसके पास से नौ एमएम की एक पिस्तौल, 17 कारतूस और 10,000 रुपये बरामद किए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
