मानवाधिकार आयोग ने अपाहिज बच्चे को मुआवजा देने को कहा
नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने रेलवे बोर्ड से टिकट निरीक्षक द्वारा रेलगाड़ी से बाहर फेंक देने वाले 12 साल के एक बच्चे को मुआवजा देने को कहा है। इस घटना में बच्चा अपना दाहिना हाथ और पैर गंवा बैठा था।
एनएचआरसी के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि आयोग ने रेलवे बोर्ड से समर सिंह नाम के बालक को पांच लाख रुपये देने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि 2 जुलाई 2008 को ट्रेन में स्वीपर का काम करने वाले बच्चे को टिकट निरीक्षक नवनीत मिश्रा ने ट्रेन से फेंक दिया था। घटना के दो दिन बाद नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया था।
एनएचआरसी अधिकारी ने कहा कि तथ्यों और परिस्थितियों की जांच के बाद आयोग ने पाया कि यह मानवाधिकार उल्लंघन का मामला है और रेलवे बोर्ड को नोटिस जारी किया।
अधिकारी ने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा नोटिस का जवाब न मिलने पर पिछले शुक्रवार को आयोग ने बच्चे को मुआवजा देने को कहा। साथ ही उसके लिए कृत्रिम अंग मुहैया कराने को भी कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications