ओबामा ने स्वास्थ्य बीमा कंपनियों पर साधा निशाना
वाशिंगटन, 9 मार्च (आईएएनएस)। स्वास्थ्य सुधार विधेयक को पारित कराने के लिए कड़ा प्रयास कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हाल ही में दरें बढ़ाने वाली निजी स्वास्थ्य बीमा कंपनियों पर निशाना साधा है।
ओबामा ने सोमवार को फिलाडेल्फिया के समीप आर्केडिया विश्वविद्यालय में कहा कि कांग्रेस में स्वास्थ्य सुधार विधेयक पर अंतिम फैसले के लिए मतदान होना है। उन्होंने जोर दिया कि इस योजना में सबसे बेहतरीन डेमोकेट्रिक और रिपब्लिकन नीतियों को शामिल किया गया है।
ओबामा ने कहा कि वह इस महीने के अंत में कांग्रेस की ईस्टर पर होने वाली छुट्टियों से पहले नए कानून पर हस्ताक्षर करना चाहते हैं। विधेयक पर जनता का समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा, "बहस का समय खत्म हो गया है। मेरे साथ खड़े हों और मेरे साथ लड़ें। सुधारों को हासिल करें। यह हमारी मुट्ठी में है।"
ओबामा ने कहा, "स्वास्थ्य सेवा की कीमत परिवारों, व्यापारों और हमारी सरकार के लिए सबसे पीड़ादायक खर्च है। बीमा कंपनियां इसकी उपलब्धता लगातार कम कर रही हैं। यह अमेरिका के लिए यथास्थिति और अस्थिरता के लिए यथास्थिति है।"
ओबामा ने कहा कि कंपनियों को आकलन करना चाहिए। उन्होंने गोल्डमैन सैक्स द्वारा बुलाए गए एक सम्मेलन का हवाला दिया जिसमें एक बीमा एजेंट ने निवेशकों से कहा कि प्रीमियम बढ़ाने से कुछ ग्राहकों के कम होने की आशंका है क्योंकि उद्योग में कुल मिलाकर प्रतिस्पर्धा का अभाव है।
उन्होंने कहा, "वे ऐसा तब तक करेंगे, जब तक ऐसा कर सकते हैं। प्रीमियम कितना अधिक हो जाएगा जब हम इस बारे में कुछ करेंगे? और कितने अमेरिकी अपना स्वास्थ्य बीमा गंवाएंगे? कितने व्यापारिक प्रतिष्ठान बीमा कवर गंवाएंगे?"
करीब 10 खरब डॉलर के इस प्रस्ताव द्वारा चिकित्सा खर्चो की बढ़ती लागत को नियंत्रित रखने में विफल होने की रिपब्लिकन पार्टी की आलोचना को खारिज करते हुए ओबामा ने कहा, "आपके पास 10 वर्ष थे, तब आपने इस दिशा में क्या किया?"
उन्होंने राजनीतिक विश्लेषकों की इस चेतावनी पर भी ध्यान देने से इंकार कर दिया कि स्वास्थ्य सुधारों से आगामी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी को भारी नुकसान हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications