राज्यसभा के 7 सदस्य निलंबित, विधेयक पर गतिरोध जारी (लीड-2)
नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी ने महिला आरक्षण विधेयक पेश किए जाने के बाद सदन में हंगामा करने वाले सात सदस्यों को मंगलवार को पूरे बजट सत्र के लिए सदन से निलंबित कर दिया।
जिन सात सदस्यों पर निलंबन की कार्रवाई की है वे हैं-कमाल अख्तर, नंदकिशोर यादव, वीरपाल सिंह यादव, आमिर अली खान, एजाज अली, सुभाष प्रसाद यादव और साबिर अली।
सरकार का नेतृत्व कर रही कांग्रेस ने निलंबन को सही ठहराया है। पार्टी के नेता राजीव शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा कि जिस तरह का आचरण इन सदस्यों ने किया, उसके अनुसार यह निलंबन बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस ऐतिहासिक विधेयक पर चर्चा करने के लिए तैयार है।
मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कलराज मिश्र ने कहा, "सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करना सभापति का संवैधानिक अधिकार है। परंतु मेरा मानना है कि अगर यह निलंबन नहीं होता तो अच्छा होता। इस मामले में विचार-विमर्श करना चाहिए था।"
उधर, सदन में इस विधेयक को लेकर लगातार दूसरे दिन भी हंगामा की स्थिति बनी रही और कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे और फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सुबह सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही विधेयक का विरोध कर रहे सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की वजह से प्रश्नकाल भी नहीं चल पाया। शोर-गुल न थमता देख सभापति हामिद अंसारी ने सदन की कार्यवाही 12 बजे स्थगित कर दी।
कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर भी सदस्यों का हंगामा जारी रहा। इसके बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को राज्यसभा में इस विधेयक के पेश होने पर इसका विरोध कर रहे दलों के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications