पूरी की पूरी इमारत ढही, 3 मजदूर मरे
सतना। इमारतों के ढहने और कामगारों के मरने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इस क्रम में रविवार रात मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक निर्माणाधीन भवन के ढह जाने से तीन कामगारों की दबकर मौत हो गई। इस हादसे में एक कामगार घायल भी हो गया, जिसका उपचार चल रहा है।
चित्रकूट थाने के प्रभारी अन्वेश द्विवेदी ने सोमवार को बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में अन्नपूर्णा सदन नाम की इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। देर रात अचानक पूरी इमारत ही ढह गई, जिससे वहां सो रहे तीन कामगार गिरधारी लाल, विजय और मनुआ की मलबे के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। द्विवेदी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है। तीनों कामगारों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
गौरतलब है कि ऐसे कई मामलों की तफ्तीश से लेकर मुआवजा देने तक में घोर लापरवाही बरती जाती है। प्रशासन केवल मुआवजे की घोषणा करने के बाद अपने कर्तव्य की इति श्री कर लेता है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इस मामले में प्रशासन उदासीन ही बना रहता है।













Click it and Unblock the Notifications