सपा ने शुरू की राज्यव्यापी साइकिल रैली
इस साइकिल रैली के दौरान सपा कार्यकर्ता राज्य के सभी जिलों में राज्य और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में जनता को जागरूक करेंगे।
सपा के उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने सोमवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया, "इस साइकिल रैली के पीछे हमारा उद्देश्य हर मोर्चे पर नकारा साबित हुई केंद्र और राज्य सरकार को बेनकाब करना है, जो जनता की हितैषी होने का दावा करती हैं।"
चौधरी ने कहा कि सपा कार्यकर्ता ग्रामीण और सुदूर इलाकों में जाकर गरीबों और किसानों को बताएंगे कि दोनों सरकारें विकास और किसान विरोधी हैं और ये किस तरह से बिचौलियों और मुनाफाखोरों से मिलकर महंगाई बढ़ा रही हैं। दोनों सरकारों का आम आदमी के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक साइकिल रैली उन क्षेत्रों में भी निकाली जाएगी, जहां सपा का जनाधार कम है। इसी प्रयास में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अखिलेश यादव आने वाले दिनों में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में साइकिल रैली निकालेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications