चण्डीगढ़ में यातायात नियम तोड़ने वालों की संख्या बढ़ी
चण्डीगढ़, 8 मार्च (आईएएनएस)। चण्डीगढ़ में लाल बत्ती का उल्लंघन करना, बिना हेल्मेट और सीटबेल्ट बांधे वाहन चलाना, फोन पर बातें करते हुए यात्रा करना आम बात हो गई है। पुलिस यहां प्रत्येक दिन 500 से अधिक वाहनों का चालान काटती है।
भारतीय शहरों में आबादी बढ़ने के साथ ही वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। जाहिर है बढ़ते सड़क हादसों की वजह से इस केंद्र शासित प्रदेश में भी पुलिस को यातायात नियम तोड़ने वालों को संभालने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यातायात पुलिस के द्वारा जारी आकड़ों के मुताबिक वर्ष 2009 के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 183,530 वाहनों के चालान काटे गए। इन चालानों से चण्डीगढ़ को करीब 4.14 करोड़ रुपये का भारी राजस्व मिला।
वर्ष 2008 में चालान से प्राप्त राजस्व 3.83 करोड़ रुपये की तुलना में यह राशि 30 लाख रुपये अधिक है।
पुलिस अधीक्षक (यातायात एवं सुरक्षा) एच. एस.दून ने आईएएनएस को बताया, "यह सही है कि चण्डीगढ़ में पिछले कुछ सालों से यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। हम देख सकते हैं कि यातायात नियमों के उल्लंघन में तेजी से इजाफा हुआ है, लेकिन हम इस स्थिति से निपटने की कोशिश कर रहें हैं।"
दून ने बताया,"राजस्व एकत्रित करना हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं है और न ही हम उसके बारे में सोचते हैं। हमें बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं की चिंता है और वर्ष 2010 में जितना संभव हो सकता है इसमें कमी लाने पर ध्यान रहेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications