बिहार के हर जिले में होगा विशेष पुलिस प्रकोष्ठ
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक प्रत्येक जिले में रंगदारों पर लगाम लगाने के लिए 'रंगदारी निरोधक प्रकोष्ठ ' का गठन किया जाएगा, वहीं अपहरणकर्ताओं पर लगाम लगाने के लिए 'अपहरण रोकथाम प्रकोष्ठ' का गठन किया जाएगा। इसी तरह महिलाओं और कमजोर वर्ग पर होने वाले अत्याचार एवं उन पर हो रहे अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष पुलिस प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा।
मुख्यालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि निरीक्षक स्तर तक के भ्रष्ट अधिकारियों पर निगरानी रखने के लिए 'निगरानी प्रकोष्ठ' का गठन किया जाएगा। इन प्रकोष्ठों में आने वाली शिकायतों का निपटारा पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआइजी) स्तर के पदाधिकारी करेंगे।
उधर, राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने सोमवार को बताया कि इन प्रकोष्ठों के गठन के लिए प्रत्येक जिला के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा प्रत्येक जिले में विशेष दस्ते का भी गठन किया जाएगा, जिसमें विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवानों के साथ-साथ चुनिंदा पुलिस अधिकारियों को शामिल किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यू सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications