महिला विधेयक पर हंगामा, दोनों सदनों की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित (लीड-2)
राज्यसभा में सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सभापति हामिद अंसारी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर देश भर की महिलाओं को बधाई दी। इसके बाद सपा के कमाल अख्तर ने रंगनाथ मिश्रा समिति की रिपोर्ट पर चर्चा करने की मांग की लेकिन अंसारी ने इसे खारिज कर दिया। इसके बाद सपा सदस्यों ने हंगामा आरंभ कर दिया। हंगामे में राजद सदस्य भी शामिल हुए।
सभापति ने सदस्यों से प्रश्नकाल को सुचारू रूप से चलने देने का अनुरोध किया लेकिन सदस्यों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा, जिसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी थी।
दोपहर 12 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई वैसे ही राज्यसभा के उपसभापति रहमान खान ने विधायी कामकाज निपटाए। इस दौरान सपा और राजद सदस्य सदन में हंगामा करते रहे। इन सदस्यों के रुख को भांपते हुए चार मिनट के भीतर ही उन्होंने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
उधर, लोकसभा में सपा, बसपा और राजद के सदस्यों के महिला आरक्षण विधेयक के विरोध में हंगामे के कारण पहले 11.20 बजे सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई थी, इसके बाद जब 12 बजे दोबारा सदन बैठा तो भी इन सदस्यों का हंगामा जारी रहा। हंगामा बढ़ते देख लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी।
इससे पहले, शोरगुल के बीच अध्यक्ष ने प्रश्नकाल की कार्यवाही जारी रखने का प्रयास किया लेकिन सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने अपने पार्टी के सदस्यों के साथ नारेबाजी आरंभ कर दी।
सपा और बसपा के कुछ सांसदों ने अध्यक्ष के आसन के सामने इकट्ठा होकर सदन की कार्यवाही रोकने की कोशिश की। तीनों पार्टियों के सदस्य महिला आरक्षण विधेयक के भीतर पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण की मांग कर रहे थे।
एक मौके पर मुलायम सिंह यादव और वित्त मंत्री तथा सदन के नेता प्रणब मुखर्जी के बीच तीखी नोंकझोंक तक हुई। मुखर्जी ने हाथ जोड़कर मुलायम से गतिरोध बंद करने का आग्रह भी किया।
विधेयक का सबसे तीखा विरोध करने वाले जनता दल (यूनाइटेड) के नेता शरद यादव सदन में उपस्थित नहीं थे।
संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल और उनके कनिष्ठ सहयोगी वी. नारायणस्वामी ने मुलायम सिंह और लालू प्रसाद को शांत करने का प्रयास किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications