मथुरा में अचेत अवस्था में मिला आस्ट्रेलियाई पर्यटक
पुलिस के अनुसार शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके में रेलवे लाइन के किनारे रविवार शाम आस्ट्रेलियाई पर्यटक मारियो मैक्स (30) बेहोशी की हालत में पाया गया।
सदर बाजार थाना प्रभारी सोमवीर सिंह ने सोमवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि कुछ लुटेरे पर्यटक को हथियारों से हमला कर घायल करके और उसका कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे।
सिंह ने कहा कि अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मारियो फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके शरीर पर चोट के गंभीर जख्म हैं। हालत बेहतर होने पर उससे लुटेरों के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक मारियो भगवान कृष्ण का भक्त है और कुछ दिन पहले मथुरा आया था और औरंगाबाद स्थित एक लाज में उसने कमरा लिया था।
सिंह ने कहा कि लुटेरों के बारे में किसी भी तरह का सुराग मिलने की संभावना के मद्देनजर जिस लाज में मारियो ने कमरा लिया था उस लाज के कुछ कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications