बगदाद में बम विस्फोट, एक की मौत, 4 घायल
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार आंतरिक मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि विस्फोट से दो इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। दक्षिण-पूर्व बगदाद के अल-सुर्ता अल-राबिया इलाके में शक्तिशाली विस्फोट से एक इमारत नष्ट हो गई। इस घटना में एक नागरिक की मौत हुई और चार घायल हो गए।
रविवार सुबह राजधानी के पूर्वोत्तर इलाके में एक बम विस्फोट से एक इमारत नष्ट हो गई। इस घटना के बारे में कोई ब्यौरा नहीं मिल सका।
सूत्रों के अनुसार सरकार के महत्वपूर्ण कार्यालयों वाले इलाके 'ग्रीन जोन' सहित बगदाद के अन्य क्षेत्रों में कई बम विस्फोट और रॉकेट हमले हुए।
इराक में अलकायदा के सरगना ओमर अल-बगदादिया ने पिछले महीने ही देश के संसदीय चुनाव के मतदान में हर संभव उपायों से बाधा पहुंचाने की धमकी दी थी।
स्वयंभू 'इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक' के नेता बगदादिया ने इराक के सुन्नी समुदाय को भी चुनाव में हिस्सा नहीं लेने की चेतावनी दी और चुनाव को शियाओं और उनके अमेरिकी सहयोगियों का हास्यास्पद और खतरनाक खेल बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications