इराक में संसद के लिए मतदान शुरू
बगदाद, 7 मार्च (आईएएनएस)। इराक में रविवार को भारी सुरक्षा के बीच संसदीय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। अमेरिका द्वारा वर्ष 2003 में सद्दाम हुसैन को अपदस्थ किए जाने के बाद से इराक का यह दूसरा संसदीय चुनाव है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार चुनाव से पहले शनिवार को नजफ में एक कार बम विस्फोट में तीन लोग मारे गए। आंतरिक मंत्रालय के अनुसार विस्फोट इमाम अली के पवित्र तीर्थस्थल के पास हुआ।
इराक में संसद की 325 सीटों के लिए कुल 6,300 उम्मीदवार हैं। इराक के इतिहास में यह सबसे बड़ा चुनाव है।
इराक के स्वतंत्र निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसे करीब 1.89 करोड़ लोगों के वोट डालने की उम्मीद है। पांच लाख से अधिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
नई संसद का कार्यकाल चार वर्ष का होगा और यह नई सरकार के गठन के साथ ही देश के नए राष्ट्रपति और संसदीय नेता का चुनाव करेगी।
इराक के अधिकारियों ने शनिवार रात से आठ मार्च की सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लागू किया है। इस दौरान हवाई और सड़क यातायात बंद रहेगा और समुद्री बंदरगाहों को बंद रखा जाएगा।
चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने के लिए करीब पांच लाख सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications