दिल्ली विस्फोट के आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजा गया
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने सलमान अहमद उर्फ छोटू को उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया। उसे रविवार को तीस हजारी अदालत में दंडाधिकारी अजय गर्ग के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे 15 मार्च तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
विशेष प्रकोष्ठ ने सलमान से पूछताछ के लिए अदालत से 10 दिन की हिरासत मांगी थी। दिल्ली पुलिस ने अपनी दलील में कहा कि उससे देशभर में हुए विस्फोटों के सिलसिले में पूछताछ करना है और इंडियन मुजाहिदी के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी हासिल की जाएगी। अदालत ने हालांकि आठ दिन की हिरासत मंजूर की।
उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े सलमान उर्फ छोटू को सिद्धार्थनगर जिले से शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। वह आजमगढ़ जिले के संजरपुर का रहने वाला है। शनिवार को विशेष अदालत के निर्देश पर उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सलमान दिल्ली सिलसिलेवार बम विस्फोटों के अलावा 2008 में ही अहमदाबाद और जयपुर तथा 2007 में वाराणसी और गोरखपुर सहित देश के अन्य इलाकों में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में शामिल था। वह दिल्ली के बाटला हाउस में मारे गए इंडियन मुजाहिदीन के आतंकवादियों आतिफ और सैफ के संपर्क में था।
दिल्ली पुलिस ने सलमान को पकड़ने के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
सलमान नेपाल में फहद अंसारी के फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाकर पिछले साल पाकिस्तान गया और उसने वहां चल रहे आतंकवादी शिविरों में बम बनाने और एके-47 सहित तमाम खतरनाक हथियारों को चलाने का प्रशक्षिण प्राप्त किया। इसी साल 22 जनवरी को वह पाकिस्तान से लौटकर नेपाल में ही अड्डे बदल-बदल कर रह रहा था और वहीं से भारत विरोधी गतिविधियों में सक्रिय था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications