जद-यू ने महिला आरक्षण विधेयक पर दिए नरम रुख के संकेत
जद-यू के राज्यसभा सदस्य अली अनवर अंसारी ने कहा कि पार्टी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रुख पर पार्टी विचार करेगी।
अंसारी ने आईएएनएस से कहा, "जद-यू सांसदों की सोमवार सुबह पार्टी अध्यक्ष शरद यादव के निवास पर बैठक होगी, जिसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया जाएगा।"
जद-यू ने अभी इस विधेयक के समर्थन या विरोध के लिए सांसदों को व्हिप जारी नहीं किया है।
अंसारी ने कहा कि ऊपरी सदन में इस विधेयक के पास हो जाने के पूरे आसार हैं ऐसे में सिर्फ विरोध के लिए विरोध करने का कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने इस बात से भी इंकार किया कि पार्टी के सांसद विधेयक पर मतदान के दौरान अनुपस्थित रह सकते हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा था कि वह विधेयक के समर्थन में हैं।
जद-यू के अलावा समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इस विधेयक के विरोध में हैं। उनकी मांग है कि इसके तहत महिलाओं को दिए जाने वाले 33 फीसदी आरक्षण में मुस्लिम और पिछड़ वर्ग के लिए अलग से कोटा तय किया जाए। राज्यसभा में सपा के 11 और राजद के चार सदस्य हैं।
उधर, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इस मुद्दे पर अपने पत्ते अभी तक नहीं खोले हैं। पार्टी के राज्यसभा में 12 सदस्य हैं।
राज्यसभा में इस विधेयक को पारित कराने के लिए कुल 233 में से 155 सदस्यों का समर्थन चाहिए। विधेयक के तीन प्रमुख समर्थक कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और वामपंथी दलों की कुल संख्या 138 तक पहुंचती है। हालांकि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, बीजू जनता दल, नेशनल कांफ्रेंस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने भी इस विधेयक का समर्थन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications