पाक के साथ बातचीत में उठाया था हाफिज सईद का मुद्दा : भारत
नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। इस्लामाबाद के एक बयान पर हैरानी जताते हुए भारत ने रविवार को कहा है कि लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख और मुंबई आतंकी हमले के मुख्य सूत्रधार हाफिज सईद का मुद्दा भारत-पाक के बीच 25 फरवरी को हुई विदेश सचिव स्तर की वार्ता के दौरान उठाया गया था।
इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शनिवार को कहा था कि भारत ने कभी भी हाफिज की गिरफ्तारी की मांग नहीं की।
विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा, "26/11 के मुंबई हमले के मुख्य सूत्रधारों में एक सईद के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भारत ने उठाई थी।"
पाकिस्तानी विदेश मंत्री के बयान पर हैरानी जताते हुए प्रवक्ता ने कहा, "हमले में हाफिज के शामिल होने के सूबतों के साथ एक दस्तावेज पाकिस्तान को 21 अगस्त 2009 को दिया गया और दूसरा दस्तावेज 25 फरवरी 2010 को पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर को सौंपा गया।"
कुरैशी ने शनिवार को दावा किया था कि भारत ने कभी भी जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज की गिरफ्तारी की मांग नहीं उठाई।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा लश्कर-ए-तैयबापर प्रतिबंध लगाने के बाद आतंकवादियों ने जमात-उद-दावा नामक संगठन बना लिया था।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने यह भी कहा था कि भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष के साथ सईद के मुद्दे पर चर्चा नहीं की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications