प्रवासियों को मणिपुर छोड़ने की विद्रोही संगठन की चेतावनी
इम्फाल, 7 मार्च (आईएएनएस)। देश के अशांत पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में एक अलगाववादी संगठन ने गैर मणिपुरी लोगों को 31 मई तक राज्य छोड़ देने के लिए नोटिस जारी किया है और इस निर्देश का उल्लंघन करने वालों को घातक परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। इस चेतावनी के बाद गैर मणिपुरी लोगों में भय और आतंक का माहौल कायम हो गया है।
मणिपुर में बहुसंख्यक मेतेई समुदाय के लिए एक स्वतंत्र राज्य की लड़ाई लड़ रहे प्रतिबंधित विद्रोही संगठन, द रिवोल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (आरपीएफ) ने गैर मणिपुरी लोगों को राज्य छोड़ देने के लिए 31 मई की समय सीमा निर्धारित की है।
आरपीएफ के प्रवक्ता टी.लीसेंबा ने एक बयान में कहा है, "यहां के निवासियों में गैर मणिपुरी लोगों के खिलाफ घृणा बढ़ती जा रही है। इसलिए हम उनसे कहते हैं कि वे मणिपुर छोड़ दें अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहे।"
इस संगठन ने स्थानीय नागरिकों से भी कहा है कि वे गैर मणिपुरी लोगों को न मकान किराए पर दें, न जमीन बेचें और न तो उन्हें व्यापार की ही अनुमति दें।
बिहार मूल के एक छोटे-से व्यापारी हरिधन सिंह का कहना है, "इस धमकी के बाद हम चिंतित हैं और हमें समझ में नहीं आ रहा कि इसके बाद अब क्या करें।"
ज्ञात हो कि पिछले तीन सालों के दौरान मणिपुर में आतंकियों ने अलग-अलग हमलों में 50 हिंदी भाषियों को मार डाला है।
पिछले 12 सालों से मणिपुर में जा बसे खाद्य उत्पादों के डीलर उत्तर प्रदेश मूल के बरुण यादव कहते हैं, "हमारे जैसे गैर मणिपुरी लोगों में भय और आतंक की भावना घर कर गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications