आईएएस अफसर के खिलाफ कार्रवाई करे सरकार : लोकायुक्त
रायपुर, 7 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के लोकायुक्त ने नियुक्तियों में अनियमितता के मामले में एक आईएएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश की है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार को भेजी रपट में लोकायुक्त न्यायमूर्ति एल. सी. भादू ने कहा है कि छत्तीसगढ़ महिला समाख्या सोसायटी में निदेशक और सहायक निदेशक की नियुक्तियों में धांधली के लिए सचिव (स्कूली शिक्षा) नंद कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
सोसाइटी ग्रामीण इलाकों में शिक्षा और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम करती है।
साथ ही कुमार द्वारा नियुक्त निदेशक शालिनी रमन और सहायक निदेशक प्रशांत सुखदेव को भी हटाने की सिफारिश की गई है। लोकायुक्त ने शिक्षा विभाग के तीन अधिकारियों जी. आर. चंद्राकर, आर. के. शर्मा और बजरंग प्रजापति के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की है।
पिछले महीने छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बी. एल. अग्रवाल को निलंबित कर दिया था, क्योंकि उनके यहां आयकर विभाग का छापा पड़ा था जिसमें पता चला था कि वह 93 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति के मालिक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications