भारतीय सैन्य सिद्धांत खतरनाक, हमारा रक्षात्मक : पाकिस्तान
अमेरिका से अत्याधुनिक हथियारों को हासिल करने पर भारत की आलोचना को दरकिनार करते हुए पाकिस्तानी विदेश विभाग के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने शनिवार को कहा, "हमारा सैन्य सिद्धांत पूरी तरह रक्षात्मक प्रकृति का है।"
समाचार पत्र 'द न्यूज' के अनुसार बासित ने भारतीय रक्षा मंत्री की टिप्पणी के जवाब में कहा, "भारत का सैन्य सिद्धांत और भारी सैन्यीकरण क्षेत्रीय स्थिरता के लिए भारी चिंता का विषय है, जबकि पाकिस्तान ने हमेशा अपने वैध सुरक्षा हितों को सुरक्षित रखने के लिए कार्य किया है।"
उल्लेखनीय है कि रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी ने कहा था कि पाकिस्तानी सेना को अत्याधुनिक हथियारों की आपूर्ति केवल तालिबान और अलकायदा से निपटने के लिए करने के अमेरिकी स्पष्टीकरण से वह संतुष्ट नहीं है।
एंटनी ने अमेरिका से यह सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया था कि इन हथियारों का उपयोग भारत के खिलाफ न हो।
खबरों के अनुसार अमेरिका ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तालिबान और अलकायदा के खिलाफ पाकिस्तानी सेना की क्षमता में वृद्धि के लिए अत्याधुनिक लेजर निर्देशित बम किट, 12 मानवरहित जासूसी विमान और 18 एफ-16 विमानों की आपूर्ति को मंजूरी दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications